प्रधानमंत्री शहरी आवास में फर्जी जियो टैग करके सरकारी धन हड़पने के मामले में शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जियो टैग करने वाली कंपनी के तीन कर्मियों व चार लाभार्थियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, तुलसीपुर व पचपेड़वा में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
शहरी इलाकों में रह रहे गरीबों के लिए संचालित प्रधानमंत्री शहरी आवास में लाभार्थियों के आवास की जियो टैग में गड़बड़ी पकड़ी गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बलरामपुर शहर के नौ व उतरौला के छह ऐसे लाभार्थियों के आवास को पूर्ण दिखा कर जियो टैग कर दिया, जो अधूरे थे।
दरअसल, पहली व दूसरी किस्त के बाद अंतिम किस्त काम पूरा होने की रिपोर्ट के बाद ही मिलती है।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि इस मामले में सर्वे करने वाली कंपनी के कार्तिक मोदनवाल निवासी बडगो थाना खोराबार गोरखपुर, बलरामपुर के गौरा चौराहा के जैतापुर निवासी विजय कुमार यादव व लखनऊ के कानपुर रोड मानसनगर निवासी अनिमेश तिवारी व चार लाभार्थियों को गिरफ्तार किया है।