मोहनलालगंज। गणेश खेड़ा गांव में आत्महत्या की घटना के बाद मोहनलालगंज-गोसाईंगंज रोड पर शव रखकर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
गणेश खेड़ा में दो फरवरी की सुबह श्रमिक सुभाष चंद्र ने फंदा लगा लिया था। पोस्टमॉर्टम के बाद सुभाष का शव तीन फरवरी को गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों ने रिश्तेदारों व ग्रामीणों के साथ मिलकर नई जेल रोड पर शव रखकर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने सुभाष की पत्नी के नाम खरीदी गई 6 बिस्सा भूमि उसके चार बच्चों के नाम दर्ज कराने की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर भी ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया था। इस दौरान तकरीबन एक घंटे तक नई जेल रोड पर जाम लगा रहा। इसमें एंबुलेंस समेत अन्य वाहन फंसे रहे। इस मामले में चौकी इंचार्ज अतुल सिंह की तहरीर पर सुभाष के भाई प्रेमचंद, फूलचंद्र, ज्ञानचंद्र, भतीजे आकाश, विकास, निखिल, बहन रेखा, बहनोई महेश, रिश्तेदार राजेश बबलू, चचेरे भाई सुजीत, अजीत, राजू, परिवार के अनूप, बउवा व 25 अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
एसीपी विकास कुमार पांडेय ने बताया रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस की पड़ताल के दौरान वीडियो फुटेज में दिख रहे नामजद आरोपियों के अलावा 18 अन्य लोगों को भी चिह्नित किया गया है। सोमवार को सड़क जाम करने के आरोपी अजीत, शिवम, निखिल, राजू, अनूप, फूलचंद्र व ज्ञानचंद्र को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया है।