लखनऊ। काकोरी के कर्झन गांव में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। चोर मकानों के पिछले हिस्से से घरों में घुसे और अंदर सो रहे लोगों के कमरों की बाहर से कुंडी बंद कर आराम से वारदात को अंजाम दिया।
गांव निवासी मजदूर जगजीवन देर रात शादी समारोह से घर लौटे तो देखा कि बक्सों का सामान बिखरा पड़ा है। हालांकि चोर उनके घर से कुछ नहीं ले जा सके। इसके बाद करीब 50 मीटर दूर गांव निवासी मजदूर धनीराम के घर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर बक्से में रखे हार, कमर पेटी और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ली। धनीराम ने बताया बेटे अरुण गौतम की शादी की तैयारी चल रही है और मार्च में विवाह होना है।
इसके बाद चोरों ने गांव के ही मजदूर सर्वेश गौतम के घर को भी निशाना बनाया। परिवार के लोग अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोरों ने बाहर से कुंडी बंद कर बक्सों में रखी झुमकी, पायल और करीब 35 हजार रुपये नकद पार कर दिए। सुबह परिवार के जागने पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया दोनों पीड़ितों की शिकायत पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर चोरों की तलाश की जा रही है।