युवक का चेहरा और हाथ झुलसा, सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफरसंवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के छतौना मरियानी गांव में प्रेमिका से शादी न होने से नाराज हरदोई जिले के एक युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर लिया। आग की चपेट में आने से उसका चेहरा व हाथ झुलस गया। वह करीब 40 फीसदी झुलस गया। आसपास के लोगों ने पहुंचकर आग बुझाई। युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र सरेहरि छत्ताखेड़ा गांव निवासी धीरज कुमार (30) पुत्र राम प्रसाद का क्षेत्र के एक गांव की युवती से छह वर्ष पहले फोन कॉल के जरिए बातचीत शुरू हुई। दोनों में प्यार परवान चढ़ा और बात शादी तक पहुंच गई। युवक के माता-पिता अगस्त माह में लड़की के घर शादी तय करने पहुंचे, लेकिन युवती के घर वालों ने शादी करने से इंकार कर दिया। तीनों वापस चले गए। प्रेमिका से बातचीत भी बंद हो गई।
बुधवार की सुबह युवक गांव के पास पहुंचा और साथ लाए पेट्रोल को शरीर पर डालकर आग लगा ली। आग लगने पर शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कपड़ों की आग बुझाई, लेकिन वह लगभग 40 प्रतिशत झुलस गया। उसे एंबुलेंस की मदद से रोहनिया सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, कोतवाल आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि शादी न होने से नाराज होकर उसने लगाई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।