लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में सोमवार सुबह अचानक सर्वर ठप होने से ओपीडी की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। परचा बनने और जांच शुल्क जमा होने की प्रक्रिया रुक गई। घंटों इंतजार के बाद मरीजों और तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर ऑफलाइन परचा और जांच शुल्क जमा कराने की व्यवस्था शुरू की गई। इस दौरान काउंटरों पर लंबी-लंबी कतार लगी रही।
केजीएमयू की ओपीडी में रोजाना सात से आठ हजार मरीज आते हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे से ही न्यू और ओल्ड ओपीडी ब्लॉक में परचा बनवाने के लिए मरीजों की कतार लग गई। सुबह 10 बजे तक परचे नहीं बनने और जांच शुल्क जमा न होने पर मरीजों का धैर्य जवाब दे गया। हंगामे की सूचना पर अफसरों ने तत्काल ऑफलाइन व्यवस्था शुरू कराई। इसके बाद जांच शुल्क जमा होने लगा। मरीजों को रिपोर्ट के लिए कुछ समय इंतजार करने को कहा गया।
केजीएमयू आईटी सेल की प्रभारी डॉ. प्रीति अग्रवाल ने बताया कि एनआईसी दिल्ली से सर्वर में तकनीकी दिक्कत आई थी। सर्वर बहाल होने तक मरीजों की सेवाएं मैन्युअल तरीके से जारी रखी गईं।