मौजूदा सरकार के बीते साढ़े चार साल के कार्यकाल में 470 सरकारी कर्मियों के खिलाफ विजिलेंस ने कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं। यह आरोप पत्र 207 मामलों में दाखिल किए गए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार से संबंधित 142 मामलों में विभागीय कार्रवाई, 202 में अभियोजन, 10 मामलों में लघु दंड-वृहद दंड और सात मामलों में क्षति वसूली की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा, बीते साढ़े चार साल में 1156 जाचें विजिलेंस को सौंपी गई। 267 मामलों में डिटेल इंवेस्टीगेशन, 497 खुली जांच, 168 गोपनीय जांच, 169 प्रकरणों में अभिसूचना संकलन और 55 मामलों में ट्रैप की कार्यवाही की गई। इस दौरान 322 मामलों में आरोप सिद्ध न होने के कारण उन्हे समाप्त कर दिया गया।