केजीएमयू, ट्रॉमा सेंटर के कैजुअल्टी में अब 24 घंटे सर्जरी और मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजीडेंट मिलेंगे। केजीएमयू प्रशासन ने ये फैसला गंभीर रोगियों के हित को देखते हुए किया है।
मंगलवार को केजीएमयू मे अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद ये फैसला किया गया। केजीएमयू के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में सर्जरी और मेडिसिन के गंभीर रोगी हर समय पहुंचते रहते हैं।
ऐसे रोगियों को डॉक्टरी सलाह लेने में समय लग जाता है। इस वजह से रोगियों को गोल्डन ऑवर ट्रीटमेंट में देरी हो जाती है। इसे देखते हुए बुधवार से कैजुअल्टी में सर्जरी और मेडिसिन का एक-एक सीनियर रेजीडेंट को तैनात किया गया है। ये रेजीडेंट कैजुअल्टी में पहुंचने वाले मरीजों की जांच कर मेडिकल रिपोर्ट कार्ड में उसकी स्थिति लिखेंगे।
सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शहर में और भी प्रयास हो रहे हैं। डेंगू से निपटने के लिए शहर के अस्पतालों के साथ नगर निगम भी मुस्तैद हो गया है। डेंगू के मच्छरों शहर में फैलने से रोकने के लिए नगर निगम ने फॉगिंग शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर आयुक्त उदयराज सिंह ने जोन-2 के लिए 22 मशीनें रवाना कीं।
जोनल अधिकारी-2 संजय मगमई ने बताया कि जोन-2 के 18 वार्ड में एक साथ फॉगिंग कराई गई। जोन-2 में रोस्टर के मुताबिक, फॉगिंग दोपहर में 18 वार्डों में कराई गई। अपर नगर आयुक्त विशाल भारद्वाज का कहना है कि किसी इलाके में फॉगिंग नहीं हो तो वह कंट्रोल रूम पर शिकायत कर सकता है।