बीफार्मा छात्र की मौत के मामले में वरिष्ठ लेखाकार गिरफ्तार,
- फोटो : संवाद
राजधानी लखनऊ के चिनहट में पांच मई को समर्पण कॉलेज ऑफ फार्मेसी के बीफार्मा छात्र शुभम कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को सीनियर अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया। शुभम रायबरेली के दुधवन का रहने वाला था। मामले में शुभम के भाई अमित ने छह मई को प्रधानाचार्य समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कराया था।
सहपाठियों के सामने किया था शर्मिंदा
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार सीनियर अकाउंटेंट चिनहट के धावां निवासी मो. फैज है। आरोपी मूलरूप से गोंडा के मनकापुर का रहने वाला है। अमित का आरोप था कि शुभम को फीस जमा नहीं होने के कारण प्रैक्टिकल देने से रोका गया था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि बृहस्पतिवार को कॉलेज में फेयरवेल पार्टी थी। पार्टी में शुभम सहपाठियों के साथ शामिल होने पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद सीनियर अकाउंटेंट ने शुभम को टोक दिया था। आरोपी ने छात्र से कहा था कि तुम्हारी फीस जमा नहीं है। ड्यूज भी क्लीयर नहीं हुए है। ऐसे में तुम्हारी पार्टी में आने की हिम्मत कैसे हुई? फीस की रसीद दिखाओ।
सुसाइड नोट के आधार पर प्रधानाचार्य समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज
सहपाठियों की मौजूदगी में अकाउंटेंट के शर्मिंदा करने पर शुभम बुरी तरह से आहत हो गया था और जान दे दी थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि शुभम के पास मिले सुसाइड नोट के आधार पर कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. नीरज कुमार वर्मा, शिक्षिका गरिमा सिंह, डीन दीप्ति शुक्ला, सीनियर अकाउंटेंट मो. फैज और आशीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में अन्य आरोपियों कि भूमिका की जांच की जा रही है।