आपको सेल्फी का क्रेज है तो नि:संदेह जनेश्वर मिश्र पार्क में फहराता 207 फीट ऊंचा तिरंगा एक परफेक्ट सेल्फी पॉइंट है। यहां आप देश में सबसे ऊंचाई पर फहरा रहे तिरंगा झंडा में से एक के साथ सेल्फी ले सकेंगे। इस ‘मॉन्यूमेंट फ्लैग’ का रविवार को सीएम अखिलेश यादव और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने उद्घाटन किया। आकर्षण के इस नए केंद्र को लखनऊ विकास प्राधिकरण ने विकसित किया है। इस पर 1.25 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
सपा सुप्रीमो के बर्थडे पर रविवार को इसे नागरिकों के लिए शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही सेल्फी लेने का सिलसिला भी शुरू हो गया।
तिरंगा के साथ फोटो खिंचाने के लिए मॉन्यूमेंट फ्लैग परिसर में सेल्फी पॉइंट तय कर दिए गए हैं। दो दर्जन से ज्यादा बेंच यहां लगवाई गई हैं जिससे सेल्फी लेने में दर्शकों को कोई असुविधा नहीं हो।
जानिए क्यों खास है ये पॉइंट
दिन-रात फहराएगा ये तिरंगा
द फ्लैग कोड ऑफ इंडिया, 2002 और प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 के मुताबिक राष्ट्रीय ध्वज को सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही फहराया जा सकता है। केंद्रीय गृह मंत्रालय से विशेष अनुमति दिन-रात राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के लिए ली गई है।
हालांकि आम दिनों मॉन्यूमेंट फ्लैग की ऊंचाई 102 फीट तक रखी जाएगी। हवा चलने से पोल को कोई नुकसान न पहुंचे इसलिए ऐसा किया जाएगा। जबकि खास दिनों में ध्वज की ऊंचाई 207 फीट ही रखी जाएगी।
15-30 दिन में बदला जाएगा
इस तिरंगा को हेवी ड्यूटी पॉलिस्टर से बनाया गया है। इससे तेज हवा और बारिश का असर तिरंगे पर नहीं होगा। 15-30 दिन के बीच तिरंगे को बदल दिया जाएगा।
अंधेरा होने पर रोशनी का पर्याप्त इंतजाम एलडीए को रखना होगा। इसके अलावा सीसीटीवी और सुरक्षागार्ड की मदद से 24 घंटे निगरानी मॉन्यूमेंट फ्लैग की रहेगी।
इनके लिए अभी इंतजार
पार्क में सेना द्वारा युद्ध में उपयोग हुए बैटल टैंक , एयरक्राफ्ट, रेलवे इंजन और गंडोला बोट के लिए अभी दर्शकों को इंतजार करना होगा। मॉन्यूमेंट फ्लैग के साथ पहले सीएम को इन सुविधाओं को भी शुरू करना था।
हालांकि, तैयारी पूरी नहीं होने की वजह से इसे टाल दिया गया है। इन सुविधाओं को अब दूसरे कार्यक्रम में शुरू किया जाएगा। रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क पर बनी डॉक्यूमेंट्री रिलीज की गई। आर्किटेक्ट अनुपम मित्तल ने इसे बनाया है। उन्होंने बताया कि अभी इसकी लंबाई सवा मिनट है। इसका समय सुविधाएं बढ़ने के साथ बढ़ता जाएगा।
मॉन्यूमेंट फ्लैग: फैक्ट फाइल
ऊंचाई- 207 फीट
ध्वज का साइज- चौड़ाई 60 फीट, लंबाई 90 फीट
ध्वज का वजन- 38 किलोग्राम
पोल बनाने में लगा लोहा- 25 टन
लागत- 1.25 करोड़ रुपये
यहां भी हैं 207 फीट ऊंचे मॉन्यूमेंट फ्लैग
- सेंट्रल पार्क, कनाट प्लेस, र्नई दिल्ली
- हनुमान वाटिका, कैथल, हरियाणा
- नेशनल मिलिट्री म्यूजियम, बंगलूरू
- कनककुन्नू पैलेस, त्रिवेंद्रम
- सेंट्रल पैलेस, जयपुर
- ब्रह्मा सरोवर, कुरुक्षेत्र