राजधानी में 15 जनवरी को होने वाली बसपा रैली के कारण लोग उस दिन यात्रा करने से कतराने लगे हैं।
बसपा ने हालांकि रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग की है लेकिन लोग अपनी यात्रा को लेकर संशय में हैं।
यहीं कारण है कि कंफर्म टिकट होने के बावजूद 15 जनवरी को लोग अपने टिकट रद करवा रहे हैं।
दरअसल पिछले दिनों हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान नीलांचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के यात्री अपनी आरक्षित बोगियों में चढ़ नहीं सके थे। जिन यात्रियों ने यात्रा की उनको अभद्रता और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा था।
जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी में भी गरीब रथ एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनों की एसी बोगियों की सीटों पर अभ्यर्थियों ने कब्जा कर लिया था।
ऐसे में बहुत अधिक महत्वपूर्ण काम से न जाने वाले यात्री अपने टिकट रद करवाने लगे हैं। रविवार को भी कई यात्रियों ने आरक्षण केंद्र पहुंचकर अपने टिकट निरस्त करवाए।
इसी तरह दिल्ली सहित अन्य स्टेशनों से 14 जनवरी को लखनऊ आने वाले यात्रियों ने भी अपने टिकट कैंसल कराने शुरू कर दिए हैं। रविवार को चारबाग, लोको, आलमनगर, मानक नगर, ऐशबाग, डालीगंज, बादशाह नगर, गोमतीनगर और सिटी स्टेशन सहित कई रेल आरक्षण केंद्रों पर लोगों ने 15 जनवरी के दर्जनों टिकट रद कराए।
रैली के बाद वापस लौटने वाली भीड़ को देखते हुए शाम चार बजे के बाद की ट्रेनों में यात्रा करने से यात्री हिचक रहे हैं।
इनमें पंजाब मेल, लखनऊ मेल, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस और मरुधर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।