सावन महीने की शुरूआत होेते ही पुलिस ने लखनऊ के सभी मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। हर मंदिरों पर अस्थायी पुलिस बूथ का निर्माण किया गया। वहीं, लोगों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों का इंतजाम किया गया है। साथ ही पारा के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर और हसनगंज के मनकामेश्वर मंदिर पर विशेष निगरानी रहेगी।
बुद्घेश्वर मंदिर में सोमवार और बुधवार को श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है, जिसके मद्देनजर विशेष इंतजाम रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी के मुताबिक अलीगंज थाने में नागेश्वर महादेव मंदिर, चौक में सिद्धनाथ मंदिर, झगडे़श्वर मंदिर, कोनेश्वर महादेव मंदिर, वजीरगंज में शिव मंदिर आगामीर ड्योढ़ी, शिव मंदिर बारूद खाना, बाजार खाला थानाक्षेत्र में ज्ञानेश्वर मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुरगंज में कल्याणगिरी मंदिर, मां पूर्वीदेवी मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर नैपियर रोड, कल्याणगिरी मंदिर हरदोई रोड, हजरतगंज में शिव मंदिर नरही, गाजीपुर में भूतनाथ मंदिर, शिव मंदिर इरम कॉलेज, विकासनगर में गुलाचीन मंदिर, शिव मंदिर, बीकेटी के चंद्रिकादेवी मंदिर, आलमबाग में सनातन धर्म मंदिर चंदरनगर, मौनी बाबा शिव मंदिर, आरपीएफ लाइन के पास शिव मंदिर, कृष्णानगर में सैसेवीर मंदिर व एल्डिको कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पर सुरक्षा के माकूल इंतजाम रहेंगे।
एसएसपी खुद करेंगे निरीक्षण
एसएसपी कलानिथि नैथानी
- फोटो : डेमो
मंदिरों में होने वाले सुरक्षा इंतजाम का एसएसपी खुद निरीक्षण करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत थाना प्रभारी को मंदिर पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल, कैमरा, मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे को सुचारु रूप से कार्य करने का इंतजाम, मंदिर के गर्भ गृह में ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाई जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों का विशेष इंतजाम रहेगा।
मंदिर परिसर में अस्थायी पुलिस बूथ व कंट्रोल रूम की स्थापना होगी। मंदिर परिसर में कोई वाहन नहीं जा सकेंगे। सावन में शिव मंदिरों पर मेले लगते हैं। ऐसे में भीड़ भाड़ के बीच टप्पेबाजों, चेन लुटेरों, पर्स लुटेरों पर नजर रखने के लिए सादा वर्दी में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। हादसों के वक्त आकस्मिक रास्ताें का भी इंतजाम करने की जिम्मेदारी पुलिस पर है। हर मंदिर पर आप कैमरे की नजर में हैं यह लिखवाना जरूरी होगा।