विहिप केचौरासी कोसी परिक्रमा कार्यक्रम के चलते रविवार को राजधानी में भी खासी गहमा गहमी रही। अमौसी एयरपोर्ट, चारबाग रेलवे स्टेशन, दुबग्गा व कैसरबाग बस स्टेशन पर सघन अभियान चलता रहा।
यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाने से विभिन्न स्थानों पर आंशिक विरोध प्रदर्शन भी हुए। लखनऊ फैजाबाद राजमार्ग पर सार्वजनिक वाहन लगभग बंद रहे।
परिवहन निगम की बस व अन्य सवारी वाहनों का संचालन सुबह से प्रभावित रहा। पुलिस व प्रशासनिक अमला वाहनों की चेकिंग में हलकान रहा। कई स्थानों पर चेकिंग के दौरान निजी वाहन चालकों से पुलिस की झड़पें भी हुईं।
शहर के हर थाना क्षेत्र में प्रशासनिक चौकसी रही। पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती रहीं। हर स्थिति से निपटने केलिए पुलिस पिकेट पर अतिरिक्त पीएसी बल तैनात भी तैनात किया गया है।
प्रशासनिक सख्ती के चलते सड़कों पर अपेक्षाकृत कम भीड रही। अमौसी हवाई अड्डे पर विहिप नेताओं गिरफ्तारी के बाद दोपहर भाजपा कार्यालय केसमीप कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
मौके पर मौजूद पुलिस केअधिकारियों ने नारेबाजी को रोकते हुए गिरफ्तारी करने को कहा। बाद यह कार्यकर्ता यहां से चार वाहनों में बैठकर हजरतगंज चौराहा पर पहुंच गए।
लगभग दो दर्जन कार्यकर्ता यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाने के विरोध में नारेबाजी करते हुए ट्रैफिक बूथ पर पहुंच गए। लगभग पांच मिनट तक नारेबाजी के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घेर लिया।
मौके पर पुलिस बल बढ़ते देख कार्यकर्ता आगे खड़े वाहनों में बैठकर आगे बढ़ गए। इसी प्रकार चौक क्षेत्र में नींबू पार्क के समीप कुछ लोग एकत्र हो ही रहे थे कि पुलिस ने उन्हें वहां से दौड़ा लिया।
डालीगंज नरही के समीप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के सड़क पर एकत्र होने की सूचना पर हसनगंज पुलिस ने उन्हें अपने घरों को जाने की हिदायत दी।
अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी ने बताया कि एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन करने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस व प्रशासनिक मुस्तैदी अभी जारी रहेगी।
चलता रहा निगरानी का दौर
सबसे ज्यादा चौकसी पूर्वांचल की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर रही। फैजाबाद रोड़ केपालीटेकनिक चौराहा समेत बादशाह नगर रेलवे स्टेशन तथा डालीगंज रेलवे स्टेशन पर बसों व ट्रेनों की निगरानी की गई।
फैजाबाद रोड पर चिनहट कोतवाली क्षेत्र के अनौरा चौकी पर इधर से आगे जाने वाले निजी वाहनों को भी सघन जांच से गुजरना पड़ा। फैजाबाद जाने वाली बसों का संचालन प्रभावित रहा।
गोरखपुर की ओर जाने वाली बसों को चेकिंग केबाद गोंडा होकर रवाना किया गया। सबसे ज्यादा परेशान फैजाबाद जाने वाले लोगों को उठानी पड़ी। देर शाम तक यहां केयात्रियों को वाहन नहीं मिल पाए।
परेशान रहे यात्री, सन्नाटा
यात्रा के मद्देनजर पुराने लखनऊ में विशेष सतर्कता बरती गई। चौक, मेडिकल कॉलेज तथा ठाकुरगंज, सआदतगंज, नक्खास, अमीनाबाद, कैसरबाग में चौरहों पर पुलिस ने लोगों को एकत्र होने नहीं दिया।
पुलिस की पटरी दुकानदारों पर विशेष निगाह होने से चाय, पान की दुकानों सन्नाटा दिखाई दिया। इस दौरान टैंपो भी अपेक्षाकृत कम चलीं।
ट्रेनों में चला सघन चेकिंग अभियान
फैजाबाद की ओर जाने वाली लगभग दर्जन भर ट्रेनों में जीआरपी ने चेकिंग की। बोगियों केभीतर की वीडियो रेकार्डिंग भी करवाई गई। चारबाग जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक गिरिजा शंकर शुक्ला ने बताया कि लगभग दर्जन भर ट्रेनों में चेकिंग कर 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
फैजाबाद की ओर जाने वाली किसान एक्सप्रेस में हरिद्वार से अयोध्या जा रहे संतों को स्टेशन पर उतार लिया गया। सियालदह, फैजाबाद लखनऊ पैसेंजर, बरेली पैसेंजर, त्रिवेणी एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों की सघन चेकिंग का दौर देर रात तक चलता रहा।