लखनऊ। घर से गोंडा जाने के लिए निकले प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार सिंह से जहरखुरानी के मामले में पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया है। कार सवार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमें लगाई हैं। बुधवार को पुलिस प्रधानाचार्य को घटनास्थल पर ले गई। कमता से उन्होंने शेयरिंग में टैक्सी ली थी। पुलिस उन्हें सुलतानपुर रोड भी ले गई, जहां बदमाशों ने प्रधानाचार्य को गाड़ी से फेंका था।
पश्चिम विहार कॉलोनी सलेमपुर पतौरा निवासी प्रधानाचार्य की पत्नी डॉ. बबिता सिंह ने दो बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके मुताबिक पति, गांधी स्मारक नवाबगंज गोंडा में तैनात हैं। मंगलवार सुबह घर से कैब से कमता गए थे। यहां उन्होंने नवाबगंज, गोंडा जाने के लिए शेयरिंग टैक्सी बुक की। कार में चालक के साथ एक युवक भी बैठा था।
रास्ते में बदमाशों ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर कृष्ण कुमार को पिला दिया। बेहोश होने पर बदमाशों ने खाते से 1.25 लाख रुपये, जेब में रखे पांच हजार रुपये व मोबाइल भी निकाल लिया। इसके बाद सड़क पर फेंककर भाग गए। कृष्ण कुमार के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। होश आने पर वह मंगलवार रात घर पहुंचे थे। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज से मिले कार के नंबर के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।