आपात स्थिति और प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए गठित राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की वर्दी तय कर दी गई है। एसडीआरएफ के जवान अब भगवा रंग में नजर आएंगे। जवानों की वर्दी में नारंगी रंग के साथ काले रंग का भी इस्तेमाल किया गया है।
मंगलवार को आयोजित डीजीपी की परेड में एसडीआरएफ की टोली नई वर्दी पहनकर शामिल हुई। डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में इसका जिक्र भी किया।
वर्दी का रंग तय करने वाले एक अधिकारियों का कहना है कि वे किसी राज्य की नकल करके वर्दी तैयार करना नहीं चाहते थे। इसमें सिर्फ नारंगी रंग नहीं है, थोड़ा हिस्सा काला भी है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि यह बिल्कुल अलग रंग में दिखाई दे। वर्दी पर पीछे की ओर पीले रंग से एसडीआरएफ लिखा गया है।
दरअसल, प्रदेश में एसडीआरएफ का गठन पिछले साल किया गया था। पिछले माह एसडीआरएफ के लिए वाहनों की भी व्यवस्था कर दी गई। परेड में एसडीआरएफ की टुकड़ी के साथ उनके वाहनों को भी शामिल किया गया।
फिलहाल एसडीआरएफ की तीन बटालियन तैयार की जा रही है जिसमें भूकंप रोधी दल, मेजर एक्सीडेंट दल और बाढ़ राहत दल अलग होंगे। एसडीआरएफ के लिए राजधानी स्थित बिजनौर में अलग भवन भी बनाया जा रहा है।