लखनऊ। अमेठी जनपद में तैनात एसडीएम पंकज कुमार मिश्र के भाई अखिलेश मिश्र (43) बृहस्पतिवार सुबह इंदिरा नहर में कूद गए। पुलिस को उनको बाइक लावारिस हालत में मिली। सुसाइड नोट में उन्होंने दिल की बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की बात लिखी है। पुलिस ने दिनभर तलाश कराई, लेकिन फिलहाल उनका पता नहीं चल सका है।
इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि बस्ती के कप्तानगंज निवासी अखिलेश मिश्र चिनहट के मटियारी इलाके में रहकर हॉस्टल चलाते थे। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे उनकी बाइक इंदिरा नहर के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस को मौके से उनके हाथ का लिखा सुसाइड नोट भी मिला। खबर पाकर अखिलेश के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पूरे दिन गोताखोरों ने नहर में तलाशा, पर अखिलेश का कुछ पता नहीं चल सका। अंधेरा होने पर सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। शुक्रवार सुबह फिर से नहर में तलाश कराई जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि अखिलेश का एक भाई मनोज हजरतगंज में दरोगा और दूसरा राजेश सरकारी शिक्षक है। अखिलेश के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।