आईटीआई का निरीक्षण करते निदेशक अभिषेक सिंह। -संवाद
लखनऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों की ट्रेसिंग होगी। प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार मिला की नहीं, अभी क्या कर रहे हैं, भविष्य की क्या योजनाएं हैं व अन्य जानकारियों के आधार पर डाटा तैयार किया जाएगा। ताकि, कॅरिअर के लिए उन्हें जागरूक किया जा सके। चारबाग राजकीय आईटीआई का शनिवार को निरीक्षण करते हुए राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने यह आदेश दिया है।
निदेशक ने शिक्षकों को यह आदेश दिया है कि औद्योगिक मांग के आधार पर संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाए। ताकि, कोई विद्यार्थी बेरोजगार न रहे। निदेशक ने छात्रों से प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली और संबंधित पाठ्यक्रम में पूरी ईमानदारी से प्रशिक्षण लेने का सुझाव दिया है। आईटीआई के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने बताया कि निदेशक ने सैमसंग प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।