हादसे में क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो
- फोटो : amar ujala
बलिया से मरीज को इलाज के लिए लखनऊ जा रहे स्कॉर्पियो सवार लोग शुक्रवार सुबह हादसे का शिकार हो गए। स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बाराबंकी में हाईवे पर किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। दर्दनाक हादसे में महिला समेत तीन लोगों को जान चली गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल बाराबंकी से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बलिया से लखनऊ जा रही गाड़ी में रामनरायन (60), अंशूलता (35), हरीराम (36) निवासीगण पहरापुर जिला आजमगढ़ और प्रमोद (31), प्रियांशू (6) व वाहन चालक फिरोज (40) निवासीगण बहादुरपुर डाला जिला बलिया सवार थे।
ये सभी लखनऊ के सहारा हॉस्पिटल में किसी सदस्य का इलाज कराने के लिए रात दस बजे बलिया से निकले थे। शुक्रवार की भोर पांच बजे के करीब गाड़ी जब बाराबंकी कोतवाली क्षेत्र में मोहम्मदपुर गांव के पास पहुंची तभी हाईवे पर किनारे पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक में स्कार्पियो जा घुसी।
मौके पर ही रामनरायन, अंशूलता व हरीराम की मौत हो गई, जबकि प्रमोद, प्रियांशू व चालक फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोगो में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।