लखनऊ। बाजारखाला के टिकैतगंज स्थित वाहिद बिरयानी की दुकान के मालिक जावेद वाहिद ने स्कूटी सवार दो हमलावरों पर तीन राउंड फायरिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने दुकान में छिप कर किसी तरह जान बचाई। जावेद की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
कैसरबाग निवासी जावेद के मुताबिक उनकी दुकान पिछले पांच महीने से बंद थी। दुकान दोबारा चालू करने के लिए वो पांच-छह मजदूरों से उसकी साफ-सफाई करवा रहे थे। आरोप है कि सोमवार की रात करीब एक बजे स्कूटी से हेलमेट पहने हुए दो युवक दुकान के सामने आकर रुके और फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि उन्हें गोली नहीं लगी। वहीं गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में दहशत फैल गई। जावेद के मुताबिक राजाजीपुरम निवासी युवक से 26 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा है। पैसे न मिलने पर उन्होंने युवक के खिलाफ कोर्ट में केस दायर कर रखा है। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वालों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।