लखनऊ। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में दाखिला पाने वाले करीब तीन हजार बच्चों का पांच-पांच हजार रुपये का सुविधा शुल्क इस सत्र में अटक सकता है। निजी स्कूलों ने फीस प्रतिपूर्ति के लिए बैंक खाते समेत जरूरी वित्तीय विवरण तो शिक्षा विभाग को उपलब्ध करा दिए लेकिन जिन बच्चों के नाम पर धनराशि मिलनी है, उनका ब्योरा नहीं भेजा। इससे भुगतान की प्रक्रिया अधर में है।
विज्ञापन
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में दाखिला पाने वाले पात्र बच्चों को शासन के प्रावधानों के अनुसार सुविधा शुल्क दिया जाता है। इसके लिए स्कूलों को विद्यार्थियों का विवरण शिक्षा विभाग को देना होता है। विभाग इसी आधार पर पात्र बच्चों की संख्या और भुगतान की प्रक्रिया तय करता है।
हैरानी की बात है कि शिक्षा विभाग स्कूलों को तीन बार रिमाइंडर भेज चुका है लेकिन अब तक पूरा ब्योरा नहीं मिला। ऐसे में करीब तीन हजार बच्चे आर्थिक सहायता का इंतजार कर रहे हैं। स्कूलों ने जल्द जानकारी उपलब्ध नहीं कराई तो इस सत्र में भुगतान में देरी हो सकती है।