आर्थिक रूप से कमजोर पारिवारिक आय वाले स्टूडेंट्स के पास आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त करने का मौका है। राजकीय, अनुदानित व स्थानीय निकाय के स्कूलों में के आठवीं के स्टूडेंट्स इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म भराने को संयुक्त शिक्षा निदेशक सुत्ता सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स से फॉर्म भरवाए जाएं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर है।
आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी है कि वे शैक्षिक सत्र 2014-15 में न्यूनतम 55 प्रतिशत (सामान्य वर्ग) एवं 50 प्रतिशत (एससी, एसटी) अंकों के साथ कक्षा सात उत्तीर्ण और वर्तमान में आठवीं में अध्ययनरत हों।
आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं के परिवार की वार्षिक आय 1,50,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए। परीक्षा फॉर्म जमा करने के लिए राजधानी में सात कॉलेज तय किए गए हैं। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य आरपी मिश्र ने बताया कि परीक्षा आठ नवंबर को राजधानी के सात परीक्षा केंद्रों पर सुबह आठ से 11 बजे के बीच होगी।
दो भागों में होगी परीक्षा
निशक्त परीक्षार्थियों को एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा के लिए राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, जीआईसी निशातगंज व हुसैनाबाद और जीजीआईसी शाहमीना रोड, विकास नगर, शृंगारनगर, व इंदिरानगर को परीक्षा केंद्र बनाया है।
प्रथम भाग में सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षण जिसमें 90 प्रश्न शामिल होंगे। द्वितीय भाग में शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण-जिसमें 90 प्रश्न (36 विज्ञान, 35 सामाजिक विज्ञान और 20 नंबर गणित) शामिल होंगे। प्रथम और द्वितीय भाग के लिए 90-90 मिनट का समय निर्धारित रहेगा। निशक्त अभ्यर्थियों को दोनों भागों में 120-120 मिनट दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा-2016 के बाद प्रश्नपत्र की आंसर-की भी जारी की जाएगी। आंसर-की सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी इलाहाबाद की वेबसाइट www.examregulatoryauthorityup.in पर उपलब्ध होगी। किसी प्रकार की आपत्ति होेने पर सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी के ई-मेल secretarypnp.up@gmail.com पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।