अमेठी दौरे पर आईं भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी पर कांग्रेस ने तगड़ा हमला किया है।
पार्टी के कम्यूनिकेशन संयोजक सत्यदेव त्रिपाठी का कहना है कि स्मृति का यह दौरा एक औपचारिकता भर है, इससे पार्टी का कुछ नहीं बिगड़ने वाला है।
उन्होंने कहा कि जब अमेठी में मेनका गांधी को जीत नहीं मिली, तो स्मृति ईरानी क्या हैं। उन्होंने दावा कि वहां कोई बाहरी नेहरू परिवार का कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता है।
वहीं सोमवार को सुबह मनकामेश्वर दर्शन करके लखनऊ से अमेठी रवाना हुईं स्मृति का कहना था कि कांग्रेस बेवजह ऐसी बातें कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश अब बदलाव के लिए तैयार है और हर कोई चाहता है कि नरेंद्र भाई की अगुवाई में देश में सुशासन आए। फिलहाल स्मृति अमेठी में रोड शो कर रही हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल अमेठी के लोगों के लिए चुनौती बन चुके हैं और वह उनसे सीधे मुकाबला करने यहां आईं हैं।