शिवसेना नेता और ठाणे के पूर्व मेयर सतीश प्रधान
- फोटो : amar ujala
शिवसेना नेता और ठाणे के पूर्व मेयर सतीश प्रधान ने अयोध्या के विवादित ढांचा विध्वंस मामले की सुनवाई कर रही सीबीआई की विशेष अदालत में बुधवार को सरेंडर कर दिया। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
शिवसेना से दो बार राज्यसभा सदस्य रह चुके प्रधान मुंबई से दोपहर करीब सवा 12 बजे लखनऊ के इंदिरानगर स्थित आईसीसीएमआरटी संस्थान की चौथी मंजिल पर लगाई जा रही विशेष अदालत में सरेंडर करने पहुंचे।
उनके वकील ने जज के समक्ष जमानत की अर्जी प्रस्तुत की। साथ ही सीबीआई की चार्जशीट में सतीश प्रधान पर लगाए आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि पुलिस केस में आरोपों के आधार पर जो धाराएं लगाई गई हैं, वे गलत हैं।
जज ने जमानत मंजूर करते हुए 20 हजार रुपये का बॉन्ड भरवाया। लगभग सवा दो बजे अदालत से बाहर आए प्रधान ने विवादित ढांचा विध्वंस में हाथ होने या षड्यंत्र रचे जाने से इन्कार किया। प्रधान ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उन पर क्या चार्ज लगाए गए हैं। उन्हें यह भी नहीं पता कौन-सी धाराएं लगाई गई हैं। पूरा केस वे नहीं जानते। अपने वकीलों से बात करके आगे सुनवाई में पूरा सहयोग करते रहेंगे।