लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार के विजयनगर निवासी अनुज कुमार गुप्ता (14) के गले में झूला झूलते समय साड़ी का फंदा पड़ गया। सोेमवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
विजयनगर निवासी बलदेव ने बताया कि बेटा संतोष सेना से सेवानिवृत्त है। पोता अनुज निजी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। रविवार शाम अनुज मकान के भूतल पर साड़ी से बना झूला झूल रहा था। अचानक उसके गले में उसी साड़ी का फंदा पड़ गया। अनुज की चीख सुनकर वह आंगन में पहुंचे तो देखा कि उसका गला कसा हुआ था। आननफानन उसे फंदे से निकाल कर निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
बेटे की मौत की सूचना पर पिता के हाथ से छूटा फोन
बलदेव ने बताया बेटा संतोष मध्य प्रदेश के खंडवा में सीआईएसएफ का प्रशिक्षण ले रहा है। सोमवार सुबह संतोष को अपने जिगर के टुकड़े की मौत की खबर मिली तो उनके हाथ से मोबाइल छूट गया। वह फफक कर रोने लगे। वह आननफानन घर के लिए निकल गए।
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
अनुज का पोस्टमार्टम सोमवार देर शाम डॉक्टरों के पैनल ने किया। उसका हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा गया है। अनुज का शव पोस्टमार्टम हाउस से घर पहुंचा तो उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई। वह दहाड़े मारकर रोने लगीं। लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश की। दादा बलदेव के भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
- सितंबर 2024 में माल के नबीपनाह गांव में घर में रस्सी के सहारे झूला झूल रहे 14 वर्षीय किशोर की गर्दन में फंदा लगने से मौत हो गई थी।
- अक्तूबर 2023 में जानकीपुरम स्थित आकांक्षा परिसर के पार्क में झूले पर दुपट्टे के सहारे 14 वर्षीय किशोर का शव लटका हुआ मिला था।
इन बातों का रखें ध्यान
- कभी भी बच्चों के लिए दुपट्टे और साड़ी से झूला न बनाएं।
- जिस समय बच्चा झूला झूल रहा हो तो उस पर निगरानी रखें।
- झूला बांधने के लिए मजबूत रस्सियों का प्रयोग करें।