लखनऊ। यदि आप केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के स्नातक, परास्नातक कोर्स में प्रवेश लेना चाहते हैं और सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) में आवेदन नहीं कर पाए हैं तो परेशान न हों। विवि ने अब परिसर स्तर पर प्रवेश परीक्षा (नॉन सीयूईटी) के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विवि की वेबसाइट के जरिये 15 अप्रैल से प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अधिसूचना के मुताबिक स्नातक प्रवेश परीक्षा के आवेदन पांच मई तक होंगे। 18 मई को लखनऊ सहित अन्य केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा होगी और पांच जून को परिणाम आएगा। नौ से 16 जून तक काउंसिलिंग होगी। परास्नातक प्रवेश परीक्षा के लिए 15 अप्रैल से 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। आठ मई को परीक्षा होगी और 16 मई को परिणाम आएगा। 17 से 30 मई तक काउंसिलिंग होगी। स्नातक प्रवेश परीक्षा में आवेदन के दौरान 100 और परास्नातक प्रवेश परीक्षा में आवेदन के लिए 200 रुपये शुल्क लगेगा।
विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. सर्व नारायण झा के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया की सूचना सीयूईटी परिणाम के बाद दी जाएगी। नॉन सीयूईटी के जरिये प्रवेश के बाद यदि अभ्यर्थी सीयूईटी परीक्षा पास कर लेता है तो उसकी प्रवेश की स्थिति सीयूईटी के जरिये हो सकेगी और पंजीकरण शुल्क भी उसी आधार पर लिया जाएगा।