आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संजय सिंह
- फोटो : amar ujala
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संजय सिंह ने यूपी के सीएम और भाजपा तक पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म कहता है ‘वसुधैव कुटुंबकम’। अर्थात, पूरा विश्व हमारा परिवार है। मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि वे इसका अनुसरण करें। हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई पूरे विश्व में हैं। यह भारत देश की भी खूबसूरती है। उसे बिगाड़ने का काम मत करें।
सांसद संजय सिंह हजरत अली के जन्मदिवस पर शहर के अमहट में गदीरी युवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित अली डे पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता वाले देश में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का यह कथन कि हम ईद नहीं मनाते, दुर्भाग्यपूर्ण है।
संजय सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य से हमारे बुनियादी मुद्दे इस राजनीति के चक्कर में पीछे होते जा रहे हैं। एजुकेशन और हेल्थ पर बात नहीं होती, बिजली और पानी पर बात नहीं होती, किसान और सड़क पर बात नहीं होती, बात होती है मंदिर और मस्जिद पर।
संजय सिंह ने कहा, हम इस पर बात नहीं करना चाहते बल्कि बुनियादी सवालों का समाधान चाहते हैं। मोदी, योगी और ओवैसी का नाम लेकर कहा कि हमें हिंदू-मुसलमान में बांटने की कोशिश न की जाए।