अपने घर का सपना संजोए कम आय वर्ग के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। एलडीए ने देवपुर पारा में समाजवादी लोहिया आवासीय योजना में 18 माह की जगह 180 महीने यानी 15 साल की किस्त करने का फैसला किया है।
वह भी मात्र 10 फीसदी सालाना ब्याज दर पर। 15 साल में किस्तों के भुगतान की यह व्यवस्था ईडब्ल्यूएस और एलआईजी पर ही लागू होगी।
जिनकी कीमत चार लाख और आठ लाख रुपये है। जबकि, इससे अधिक कीमत के फ्लैटों में 18 किस्तों की व्यवस्था लागू होगी, जिसमें 12 फीसदी वार्षिक ब्याज आवंटियों को देना पड़ेगा।
अमर उजाला के 28 जनवरी के अंक में प्रमुखता से यह सवाल उठाया था कि मात्र 6000 रुपये आय क्षमता वाले 18 महीने में किस तरह से चार लाख रुपये का भुगतान करेंगे।
ये महीने में 22000 हजार रुपये होता है। जबकि, एलआईजी फ्लैट आठ लाख रुपये के हैं। जिनके लिए किस्त 44000 रुपये महीना होगी।
जबकि, आय सीमा 12000 रुपये महीना होती है। इस समाचार के प्रकाशन के बाद प्राधिकरण उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने आश्वासन दिया था कि वह बुकलेट प्रकाशन तक इसमें बदलाव करेंगे।