गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह की एसयूवी रविवार सुबह रायबरेली में वनरोज से टकरा गई। दुर्घटना में जहां वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया वहीं विधायक व उनके साथ रहे चार लोग बाल-बाल बच गए।
मुंशीगंज स्थित एक निजी चिकित्सालय में इलाज के बाद विधायक व उनके साथियों को दोपहर बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह रविवार सुबह अपने गांव मऊ स्थित आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ से आ रहे थे। विधायक का वाहन सुबह करीब आठ बजे रायबरेली के बछरावां स्थित टोल प्लाजा के पास एक वनरोज से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी की वनरोज गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि दुर्घटना के वक्त वाहन में मौजूद विधायक व चार अन्य लोगों को मामूली चोटें ही आईं।