श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने पोर्टल पर समस्याओं को लेकर असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर कई अधिकारियों का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं एक बाबू को निलंबित करने का भी निर्देश दिया। नोटिस का जवाब तीन दिन में देने व पोर्टल पर डिफाॅल्टर होने वाली शिकायतों की रिपोर्ट 31 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से निस्तारित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान एसडीएम इकौना, तहसीलदार इकौना, नायब तहसीलदार इकौना, अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही सीएचसी इकौना के अधीक्षक व चिकित्सक रोहित, डीके सिंह व आशीष, बीडीओ इकौना व गिलौला, एडीओ (आईएसबी), रेंजर श्रावस्ती, जिला समाज कल्याण अधिकारी, माल बाबू इकौना, सहायक आयुक्त खाद्य को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वेतन बाधित करने का भी निर्देश दिया।
वहीं, राजस्व निरीक्षक/लेखपाल इकौना, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग का एक दिन का वेतन व एआरटीओ का तीन दिन का वेतन काटने व कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश जारी किया। डीपीओ कार्यालय में तैनात बाबू सुनील के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया है। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों को जन सामान्य की शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर मुआयना कर फोटो सहित आख्या लगाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण में रूचि न लेने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य मौजूद रहे।