Babri Masjid Case Verdict: साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि ढांचा विध्वंस मामले में हमने कोई आपराधिक षड्यंत्र नहीं रचा। हम षड्यंत्र नहीं, मंत्र रचते हैं। अब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का लक्ष्य पूरा हो गया है, इसके लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े तो बड़ी बात नहीं है। न्यायालय का जो भी फैसला आएगा, वह सिर माथे होगा। मंगलवार रात लखनऊ पहुंचीं साध्वी ऋतंभरा यहां वीवीआईपी गेस्ट हाउस में मीडिया से मुखातिब थीं।
साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 500 साल तक संघर्ष चला, सैकड़ों लोगों ने बलिदान दिया। हम भाग्यशाली हैं कि इस संघर्ष का विराम देखा। श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य मंदिर में रामलला विराजमान होंगे।
साध्वी ने कहा कि वे फैसले को लेकर बहुत उत्सुक हैं, बहुत लंबा ट्रायल चला है, लंबे समय तक लड़ाई लड़ी है। इस फैसले पर पूरे विश्व की निगाहें हैं। फैसला यदि उनके खिलाफ आता है तो आगे की कार्यवाही के लिए संगठन और वकील मिलकर तय करेंगे।