क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद सचिन तेंदुलकर के साथ सिर्फ राज्यसभा सांसद का ही आधिकारिक तमगा जुड़ा रह गया है।
ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी राजनीतिक पार्टियां अपने फायदे के लिए सचिन को जोड़ने की पूरी कोशिश करेंगी।
भले ही कांग्रेस ने ही सचिन को राज्यसभा सांसद बनाया हो, लेकिन समाजवादी पार्टी के एक मंत्री चाहते हैं कि सचिन उनकी पार्टी ही ज्वॉइन करें।
सूबे के खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री नारद राय ने अमर उजाला से बातचीत में पहले तो कहा कि महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को राजनीति में नहीं आना चाहिए। इससे उनका सम्मान घटेगा।
हालांकि, वह खुद को यह कहने से भी नहीं रोक पाए कि भविष्य में सचिन अगर राजनीति में आना चाहते हैं, तो सपा में उनका स्वागत है। इसके लिए उन्होंने यह बात जरूर जोड़ दी कि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान का ही होगा।
काश! सचिन कानपुर की पिच से लेते संन्यास
नारद राय ने कहा कि इस बात का फैसला करने का अधिकार हमें नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित करना उचित है। उन्होंने कानपुर की पिच पर खेलकर संन्यास लिया होता तो हमें अधिक प्रसन्नता होती।