आशियाना निवासी पंकज मेहरोत्रा से साइबर अपराधियों ने स्कॉटलैंड की महिला केरोलीन ग्रे बनकर 65,500 रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को स्कॉटलैंड की महिला बताकर पंकज से दोस्ती गांठी। फिर घूमने के लिए भारत आने और दिल्ली हवाई अड्डे पर फंसने का झांसा देकर रुपये ऐंठ लिए। पंकज ने प्राथमिकी दर्ज करा दी है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि पंकज की कथित रूप से स्कॉटलैंड निवासी केरोलीन ग्रे नाम की युवती से बीते महीने फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। दोनों की कई बौर चैटिंग हुई। इस बीच केरोलीन ग्रे ने दिल्ली आने की जानकारी दी।
उसने बताया कि दस अप्रैल को दिल्ली का टिकट करा लिया है। निर्धारित तिथि की सुबह 11 बजे किसी महिला ने पंकज को फोन कर बताया कि उसकी दोस्त केरोलीन ग्रे दिल्ली आई है। भारत आने से पहले उसने स्कॉटलैंड में कुछ औपचारिकताएं अधूरी छोड़ दी थीं जिसके एवज में उसे 16.55 लाख रुपये जमा कराने होंगे।
केरोलीन के पास 65500 रुपये कम पड़ रहे है। पूरी रकम नहीं जमा कराने पर वीजा व पासपोर्ट जब्त कर लिया जाएगा। पंकज ने फोन करने वाली महिला से पूरा मामला पूछा। इस पर महिला ने बताया कि उसका नाम पूजा अग्रवाल है और वह वित्त मंत्रालय नई दिल्ली में कार्यरत है।
विदेशी महिला का कहना है कि वह लखनऊ पहुंचते ही उसे रुपया लौटा देगी। रुपये जमा करते ही उसे लखनऊ की फ्लाइट में बैठा दिया जाएगा। शातिर महिला ने पंजाब नेशनल बैंक के जय किशोर यादव का बैंक खाता दिया, इसमें पंकज ने पेटीएम खाते से तीन बार में रुपये जमा करा दिए।
दोपहर करीब डेढ़ बजे फिर उसी महिला ने फोन पर केनरा बैंक के नई दिल्ली स्थित खाते का नंबर भेजकर उसमें 1.82 लाख रुपये जमा कराने को कहा तो पंकज को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने फोन किया तो पूजा नाम की ठग ने कहा कि केरोलीन ग्रे एंटी टेररिस्ट क्लियरेंस प्रमाणपत्र बनवाकर नहीं लाई है।
यह प्रमाणपत्र अब यहीं बनवाना होगा इसलिए रुपये ज्यादा लग रहे हैं। पंकज ने मदद से साफ मना कर दिया। इस बीच केरोलीन ग्रे के वॉट्सएप नंबर 447405582572 से मदद के लिए मेसेज आते रहे।
पंकज ने ब्रिटिश दूतावास से मदद लेने की सलाह दी। ठग पूजा ने भी कई बार फोन किया पर पंकज ने रुपये देने से साफ मना कर दिया। उसकी तरफ से केस दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल जांच कर रही है।