फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली बवाल: कांग्रेस विधायक अदिति सिंह बोलीं- मुझ पर करवाया गया जानलेवा हमला

Tue, 14 May 2019 08:12 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायबरेली
विज्ञापन
कलेक्ट्रेट में मीडिया को बयान देतीं अदिति सिंह। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मंगलवार को हाईवे स्थित टोल प्लाजा से लेकर शहर तक गुंडागर्दी का नंगा नाच दिखा। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण करने के बाद उन्हें जमकर पीटा गया। 

विज्ञापन


यही नहीं कांग्रेस की सदर विधायक अदिति सिंह पर फायरिंग की गई और पथराव हुआ। हमलावरों के पीछा करने की वजह से हाईवे पर अदिति सिंह की गाड़ी पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में अदिति सिंह को मामूली चोट आई, जबकि डीडीसी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गये। 

विज्ञापन

दरअसल, रायबरेली में जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले जिले में जमकर बवाल हो गया। दबंगों ने बछरावां- लखनऊ मार्ग के टोल प्लाजा पर जिला पंचायत सदस्यों के वाहन पर टक्कर मार दी और सदस्य राकेश अवस्थी का अपहरण कर उनके साथ मारपीट की। हालांकि बाद में उन्हें छुड़ा लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी।

जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मंगलवार को मतदान होना है। जिसके लिए सदस्य जिला पंचायत भवन पहुंच रहे थे। दबंगों ने टोल प्लाजा के पास आ रहे जिला पंचायत सदस्यों के वाहन को टक्कर मार दी। फायरिंग धमकी देते हुए उन्हें वाहन से नीचे उतारा और राकेश अवस्थी को अपने साथ ले गए।

जिला अस्पताल में चल रहा अदिति सिंह का इलाज

- फोटो : amar ujala
इस बीच कई डीडीसी सदस्य लापता हैं। इस बीच अदिति सिंह ने कहा कि मेरी जान लेनी की नीयत से यह हमला किया गया था। घायल डीडीसी सदस्य की तहरीर पर हरचंदपुर थाने में एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह, उनके भाई गणेश सिंह समेत छह नामजद और छह-सात अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर वोटिंग होनी थी। इसमें सभी जिला पंचायत सदस्यों को भाग लेना था। बताया जा रहा है कि खीरों क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य राकेश अवस्थी अपने साथियों के साथ वोट देने जिला मुख्यालय आ रहे थे। 

दबंगों ने पंचायत सदस्य से की मारपीट

raebareli - फोटो : amar ujala
लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर टोल प्लाजा के पास हमलावरों ने डीडीसी सदस्यों को अगवा कर लिया। डीडीसी सदस्य राकेश अवस्थी को हॉकी, सरियों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। उनके सिर व शरीर अन्य के हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं। 

इसी बीच कांग्रेस की सदर विधायक अदिति सिंह अपने काफिले के साथ जिला मुख्यालय आ रही थीं। हमलावरों को शक था कि उनकी गाड़ी में भी कुछ डीडीसी सदस्य बैठे हैं। इस पर हमलावरों ने उनके काफिले का पीछा शुरू कर दिया। 

राकेश अवस्थी पर हुए हमले से नाराज समर्थक धरने पर बैठे

- फोटो : amar ujala
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कठवारा गांव के पास कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को जान से मारने की नीयत से फायरिंग और पथराव भी किया गया। चालक ने बचने के लिए गाड़ी भगाई तो वह बीच हाईवे पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है इस दौरान गाड़ी कई पल्था खा गई। 

पुलिस और अन्य लोगों ने अदिति को जिला अस्पताल भेजा। मारपीट में गंभीर रूप से घायल राकेश अवस्थी को भी जिला अस्पताल लाया गया। अदिति सिंह को मामूली चोटें आईं थीं जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल डीडीसी सदस्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

हरचंदपुर थानेदार राजकुमार सिंह ने बताया कि घायल डीडीसी सदस्य राकेश अवस्थी की तहरीर पर एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह, उनके भाई गणेश सिंह के अलावा अभिषेक सिंह, बच्चा सिंह, शेरा सिंह और छह अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

चेहरा ढके थे हमलावर और कर रहे थे पिटाई

टोल प्लाजा पर आधा घंटे तक गुंडागर्दी चली। हमलावर चेहरा ढके हुए थे और बिना कुछ बोले ही डीडीसी सदस्यों की पिटाई कर रहे थे। हमलावर लग्जरी वाहनों पर सवार थे। जैसे ही डीडीसी सदस्य टोल प्लाजा पर पहुंचे, हमलावरों ने गाड़ियों से खींचकर उनकी पिटाई शुरू कर दी और उन्हें जबरन अपने वाहनों में ठूंस लिया। खुलेआम इस तरह की हिंसा देख टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी भी दहशत में आ गये तो कई तो मौके से भाग खड़े हुए। 

घटना की सूचना पर डीएम-एसपी ने पहुंच की जांच
टोल प्लाजा पर डीडीसी सदस्यों के अपहरण करने और मारपीट करने के मामले की सूचना पर डीएम नेहा शर्मा, एसपी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। साथ ही टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दोनों अधिकारियों ने कार्रवाई करने की बात कही।
 

आखिर कहां है गायब डीडीसी सदस्य

टोल प्लाजा से शहर तक हमलावरों ने हिंसा का नंगा नाच किया। हमलावरों की पिटाई के बाद घायल डीडीसी राकेश अवस्थी को तो अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन बाकी डीडीसी सदस्य कहां हैं इसकी जानकारी अब तक नहीं हो पाई है। कहा जा रहा है कि वोटिंग न कर पाएं, इसलिए दस से 15 डीडीसी सदस्यों का हमलावरों ने अपहरण कर लिया है।

गायब डीडीसी सदस्यों को ढूंढने का हो रहा प्रयास : डीएम
टोला प्लॉजा से लेकर अन्य जिन स्थानों पर घटनाएं हुई हैं, वह निंदनीय हैं। जिन लोगों के खिलाफ तहरीर मिलेगी, उन सब के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। जो डीडीसी सदस्य गायब हैं, उन्हें घर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
नेहा शर्मा, जिलाधिकारी
विज्ञापन

थोड़ी-बहुत मारपीट हुई है : आईजी

थोड़ी-बहुत मारपीट हुई है। कुछ डीडीसी सदस्य बैठाए गये हैं। सूचना मिलने पर कमिश्नर के साथ यहां आया हूं। डीएम और एसपी से पूरी रिपोर्ट ली है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए एसपी को निर्देशित कर दिया गया है।
एसके भगत, आईजी, लखनऊ परिक्षेत्र
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें