मतदान स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
मामले पर यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा, गर्मी से वीवीपैट मशीनों में खराबी आई थी, जिसे बदलकर मतदान कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। जहां भी जरूरत होगी, वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा।
विपक्ष ने आयोग से की फिर चुनाव की मांग
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ये तकनीकी खराबी है, चुनाव प्रबंधन की विफलता या फिर जनता को मताधिकार से वंचित करने की साजिश। ऐसे तो लोकतंत्र की बुनियाद हिल जाएगी।
किसी भी दल को आरोप लगाने का हक नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा, हजारों बार तंत्र के दुरुपयोग का रिकॉर्ड बनाने वाली सपा, बसपा व कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने का हक नहीं है। यदि आरोप लगाने वाले दलों की सरकार के दौरान वीवीपैट मशीन खराब होती तो खून खराबा हो जाता।
वोट डालने के इंतजार में बैठे लोग।
- फोटो : amar ujala
कैराना लोकसभा उपचुनाव में ईवीएम खराब होने से जिले में कई केंद्रों पर मतदान विलंब से प्रारंभ हुआ। प्रशासन ने कई केंद्रों पर अपनी निगरानी में ईवीएम बदलवाया। सहारनपुर जिले के गंगोह और नकुड़ विधानसभा क्षेत्रों में करीब 70 प्रतिशत मतदान केंद्रों से ईवीएम खराब होने के कारण हजारों मतदाताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। नकुड़, ननौता, गंगोह, इस्लामपुर, शुक्रताल, रामपुर मनिहारन, सरसावा, सांगाखेड़ा, झबीरन आदि इलाकों में मतदाताओं ने जमकर हंगामा भी किया।
इस कारण बूथों पर कई-कई घंटे तक मतदान बाधित रहा। ग्राम शुक्रताल में सुबह 9 बजे से खराब हुई मशीन को शाम चार बजे तक भी नहीं बदला जा सका था। काजीपुरा मतदान केन्द्र पर भी शाम तक मशीन नहीं बदली जा सकी थी। शामली के कैराना, शामली, थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 9 बजे तक 10.5 प्रतिशत, 11 बजे तक 21 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 33 प्रतिशत दोपहर तीन बजे तक 42 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह समय कम वोट पडे़। 11 बजे के बाद मतदाताओं में वोट डालने में उत्साह दिखाया।
नूरपुर में 175 बूथों पर ईवीएम खराब
बिजनौर। नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में करीब 175 बूथों पर ईवीएम खराब निकलीं। कुछ जगह मशीनों में ज्यादा खराबी होने के कारण मतदान करीब ढाई बजे तक शुरू हुआ। शाम पांच बजे तक इस सीट पर 57.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। सपा नेताओं ने ईवीएम से छेड़खानी का आरोप लागते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। सपा नेताओं ने चुनाव दोबारा कराने की मांग की है। वहीं पुलिस ने बिना चुनाव आयोग की परमिशन के घूम रहे सपा के पूर्व सांसद यशवीर सिंह को हिरासत में लिया है और उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली।