एलयू के छात्रावास के कमरों की टूटी-कुंडी ताला और कमरे में बिखरा सामान
- फोटो : amar ujala
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का दावा करने वाले लविवि प्रशासन को अराजक तत्वों ने एक बार फिर चुनौती दी। मंगलवार तड़के 30-40 युवकों ने लविवि के छात्रावासों में जमकर उत्पात किया। चौकीदार को पीटा और दर्जनों कमरों के ताले तोड़ दिए।
एक दिन पहले सीज किए गए सामान को उठा ले गए। आधे घंटे से अधिक समय तक अराजक तत्वों का हंगामा चलता रहा, पर किसी को भनक तक नहीं लगी। प्रॉक्टर प्रो.विनोद सिंह ने सोमवार को महमूदाबाद छात्रावास में छापा मारा था। इस दौरान उन्होंने हरिओम, सुनीत सिंह और शैलेंद्र सिंह शैलू को अवैधानिक ढंग से रहने के आरोप में पकड़ा था।
इनमें से शैलेंद्र सिंह शैलू पर गैरजमानती वारंट जारी हो चुका है। पकड़े जाने के बाद कमरों से इनका सामान ट्रॉली भरकर बीरबल साहनी छात्रावास के कमरा नंबर 39 में सीज कर दिया गया गया था। मंगलवार सुबह करीब 30 से 40 युवक छात्रावास में घुस गए तथा बाइक , स्कूटी और पैदल अपना सामान ढो ले गए। चौकीदार ने घटना के बाद इसकी सूचना प्रॉक्टर को दी।