विधान परिषद में बसपा सदस्यों ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के माल एवेन्यू स्थित आवास के सामने बने अनावश्यक निर्माण को न हटाए जाने पर कार्यस्थगन सूचना दी।
बसपा के लोकेश प्रजापति ने शून्यप्रहर में यह मामला उठाते हुए कहा कि माल एवेन्यू में पुल बनाने के लिए बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास के सामने कुछ अस्थायी कमरे बनवाए गए थे। पुल चालू हो गया लेकिन ये कमरे नहीं हटाए गए।
इससे न सिर्फ मार्ग अवरुद्ध हो रहा है बल्कि बसपा अध्यक्ष की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है। कई बार लिखने के बावजूद यह निर्माण नहीं हटाया जा रहा है।
बसपा के ही गोपाल नारायण मिश्र ने सूचना की ग्राह्यता पर कहा कि नियमानुसार, मुख्य परियोजना का काम पूरा हो जाने के बाद सामग्री या मजदूरों के लिए बनाए गए अस्थायी निर्माण को वहां से हटा देना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि इन अस्थायी कमरों में कोई भी व्यक्ति छिपकर बैठ सकता है। किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है।