पुलिस को रोकने के लिए सड़क पर लेट गया युवक।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के डालीगंज में अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान एक भाजपा नेता के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का अवैध निर्माण न तोड़े जाने से भारी बवाल हुआ। इससे बौखलाई पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति का सिर फट गया और भगदड़ में कई लोग चोटिल हो गए।
बवाल को शांत करने के लिए दस्ते ने प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे पटरी पर लगाए गए लोहे के जीने को हटा दिया। बवाल के कारण टीम को बीच में ही अभियान रोकना पड़ा। अभियान में लोक निर्माण विभाग को मुख्य रूप से शामिल होना था, लेकिन उसके इंजीनियर नहीं पहुंचे।
उच्च न्यायालय के निर्देश पर संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर शनिवार को नगर निगम के दस्ते को पुलिस बल के साथ हसनगंज कोतवाली से डालीगंज पुल तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाना था। इसे लेकर नगर निगम का दस्ता हसनगंज कोतवाली पहुंचा और दोपहर करीब एक बजे कोतवाली के पास से ही अभियान शुरू हुआ। यहां सड़क पटरी से कब्जे हटाए हुए दस्ता जब मोहन मीकिन्स मोड़ के पास पहुंचा तो यहां पर उसने दो दुकानें तोड़ दीं। इसमें एक जूस व एक फोटोकापी की दुकान थी।
यहीं पर एक भाजपा नेता का कामर्शियल कॉम्प्लेक्स भी है। इसने भी फुटपाथ से लेकर सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है। इसे तोड़ने के लिए पहले नगर निगम की टीम आगे बढ़ी, लेकिन जैसे ही उसने देखा कि उस पर एक भाजपा के पदाधिकारी की नेम प्लेट लगी है तो दस्ते में शामिल निरीक्षक ने कार्रवाई रोक दी। इसी बात को लेकर दूसरे लोग बवाल करने लगे। जिनकी दुकानें और कब्जे टूटे थे वह सड़क हंगामा करने लगे। उनकी मांग थी कि जब उनका कब्जा तोड़ा गया है तो कॉम्प्लेक्स भी तोड़ा जाए।