लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने उपलक्ष्य में शुक्रवार को गुरुनानक नगर और बाबू कुंज बिहारी ओमनगर वार्ड में जन चौपाल लगी। यहां लोगों ने नाला सफाई, चोक सीवर, कूड़ा उठान और पेयजल से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
गुरुनानक नगर वार्ड के लोगों ने कहा कि नालों की समय पर सफाई न होने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। इस पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को नाला सफाई का कार्य 10 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 दिन बाद वह स्वयं निरीक्षण करेंगी। महापौर ने यह भी निर्देश दिए कि जब तक कार्य पूरा नहीं हो जाता, कोई भुगतान नहीं किया जाएगा।
बाबू कुंज बिहारी ओमनगर वार्ड की चौपाल में नागरिकों ने कहा कि सुजानपुरा गली संख्या-पांच में सीवर लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिनकनेक्शन नहीं दिया गया है। ऋषिनगर, आलमबाग निवासी सनी ने गंदे पानी की आपूर्ति एवं कम पानी आने की समस्या महापौर के समक्ष रखी।