बैठक में संघ की तरफ से सभी को हिदायत दी गई कि जिलों से लेकर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रवार संघ के वरिष्ठ लोगों के साथ समन्वय समितियां बनाकर बैठकें करें और जमीनी जानकारी जुटाएं। अगर कहीं कोई कमी हो तो उसे ठीक कर लें।
चुनाव प्रबंधन और प्रचार के लिए भी समितियों का जल्द गठन कराएं। इसका नेतृत्व स्थानीय स्तर पर संघ का कोई वरिष्ठ कार्यकर्ता संभाले। मतदाताओं से संपर्क और उन्हें मतदान के दिन मतदान केंद्र पर पहुंचाने की जिम्मेदारी भी संघ ने अपने हाथ में रखने की योजना बनाई है।
बैठक में सांसदों को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों की शिकवा-शिकायतें दूर करने की भी रणनीति बनीं। इसके लिए भी लोगों के समूह गठित होंगे। यही नहीं, टिकट वितरण को लेकर लोगों की नाराजगी की आशंकाओं से निपटने के लिए भी अभी से तैयारी करने की रणनीति बनी है।
बैठक में सहसरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश, अवध के प्रांत प्रचारक कौशल, अवध क्षेत्र के चुनाव प्रभारी गोवर्धन झड़पिया, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस. राठौर और क्षेत्र अध्यक्ष सुरेश तिवारी सहित लोकसभा चुनाव प्रभारियों ने भी हिस्सा लिया।