लखनऊ। बिहार के मुजफ्फरपुर से लखनऊ आ रही रोडवेज बस से पंप लगाकर डीजल चोरी के मामले में चार लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें दो संविदा चालक, एक नियमित परिचालक और खरीदार शामिल है। मामले में सोमवार को चारों के बयान दर्ज किए गए। बस से करीब 30 लीटर डीजल चोरी का आरोप है।
चारबाग डिपो के केंद्र प्रभारी संजीत गुप्ता ने बताया कि बस संख्या यूपी 78 एलएन से पंप लगाकर डीजल निकाला जा रहा था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच में संविदा चालक शीष कुमार, अभय प्रताप सिंह, नियमित परिचालक अमित कुमार तृतीय और डीजल खरीदने वाले व्यक्ति के बयान दर्ज किए गए।
केंद्र प्रभारी के मुताबिक, सभी के बयान दर्ज कर रिपोर्ट सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) और क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) को भेज दी गई है। मामले में अंतिम निर्णय आरएम स्तर से लिया जाएगा। दरअसल, 10 सितंबर को बिहार से लखनऊ पहुंची बस से डीजल चोरी का वीडियो सामने आया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई थी।