रोहित-मनोज के फोन का पता नहीं, सीडीआर खंगाल रही पुलिस
लखनऊ। काकोरी के ईंटगांव के पास शुक्रवार रात हुई रोहित और मनोज की हत्या के पीछे पुलिस प्रेम प्रसंग की दिशा में छानबीन कर रही है। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। कॉल डिटेल से पुलिस का अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों को किसी ने फोन करके तो नहीं बुलाया था। उधर, दोनों के मोबाइल फोन गायब मिले हैं।
बताया जा रहा है कि हत्यारे आसपास के गांव के ही रहने वाले हैं। यही वजह है कि हत्या के बाद ग्रामीणों को कोई वहां नजर नहीं आया। सूत्रों का कहना है कि हत्या के पीछे किसी करीबी की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। हालांकि, देर रात हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। गांव में अटकलों का बाजार भी गर्म है।
नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को शव ले जाने से मना कर दिया। काफी देर तक शव सड़क पर पड़े रहे। अतिरिक्त फोर्स और अधिकारियों के पहुंचने पर किसी तरह देर रात में दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया जा सका। रोहित और मनोज के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने हत्यारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।