लखनऊ के गोमती नगर में सोमवार रात छह डकैतों ने आईएएस अफसर सहकारिता विभाग के विशेष सचिव हृदय शंकर तिवारी के घर धावा बोल दिया। तमंचे-चाकू और डंडों से लैस बदमाशों ने तिवारी और उनकी बीवी से मारपीट कर बंधक बना लिया।
जान से मारने की धमकी देकर आलमारियों की चाबियां हासिल कीं और हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया। करीब तीन घंटे तक पूरा घर इत्मीनान से खंगाला।
डकैत आईएएस अफसर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, नकदी समेत सोने और हीरे के जेवर समेटकर भाग निकले। लूटे गए सामान की कीमत 25-30 लाख रुपये बताई जा रही है।
आईएएस के घर डकैती की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉयड ने भी छानबीन की।
रात 2:30 बजे से तड़के 5:45 तक दहशत
मेन गेट फांदा, टेलीफोन कनेक्शन काटा, दरवाजा तोड़ बेडरूम में पहुंचे
हृदय शंकर तिवारी मूल रूप से बलिया के रहने वाले हैं और यहां गोमतीनगर के एल्डिको ग्रीन्स इलाके में रहते हैं। यह इलाका अति सुरक्षित माना जाता है।
सोमवार रात करीब 2.30 बजे मंकी कैप पहने 6 डकैत मेन गेट फांदकर घर में घुसे। इससे पहले वे टेलीफोन कनेक्शन काट चुके थे। गैलरी में नौकर राजाराम के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। ड्राइंग रूम का दरवाजा तोड़ा और बेडरूम तक पहुंच गए।
चाकू से हमला किया, हाथ-पैर बांध दिए
बेडरूम में आहट पर तिवारी दंपती की नींद खुल गई। दोनों ने शोर मचाना चाहा तो डकैतों ने मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर तिवारी का बायां हाथ लहूलुहान कर दिया। मोबाइल फोनों को तोड़ डाला।
धमकी देते हुए लॉकरों-अलमारियों की चाबियां लीं और मफलर व शॉल से दोनों के हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया।
आहटें रुकीं तो दंपती ने खोले बंधन, कांच तोड़कर बाहर निकले
कोई आहट न सुनकर सुबह करीब पौने छह बजे दंपती ने किसी तरह अपने बंधन खोले। तिवारी बाथरूम की खिड़की का कांच तोड़कर बाहर निकले और नौकर के कमरे का दरवाजा खोला। उन्होंने नौकर के ही मोबाइल फोन से मॉडर्न कंट्रोलरूम को वारदात की सूचना दी।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि डकैतों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। क्राइम ब्रांच व सर्विलांस सेल भी तलाश में जुटी है। वारदात का शिकार बने दंपति का कहना है कि बदमाशों की भाषा स्थाई नहीं थी।