अंबेडकरनगर में टांडा नगर में चिकित्सक दंपती के घर हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 76 लाख रुपये नकद बरामद किया है। पुलिस ने दंपती के नर्सिंग होम में कार्यरत महिला सफाई कर्मी व पति समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने टांडा पहुंचकर अभियुक्तों से पूछताछ की।
टांडा नगर में निजी अस्पताल का संचालन करने वाले चिकित्सक दंपती के घर से बीती 30 अगस्त की रात चोरों ने नकदी पार कर दी थी। डॉ. राजेश्वर यादव व उनकी पत्नी मनीषा यादव उस समय बाहर गए थे। घर पर चिकित्सक के पिता ही मौजूद थे। डॉ. राजेश्वर सरकारी सेवा में है जबकि उनकी पत्नी त्यागपत्र देकर निजी प्रैक्टिस कर रही हैं। चोरी के बाद ही शहर में चर्चा थी कि चोरों ने बड़ी रकम पार कर दी है। हालांकि, प्राथमिकी में रकम का उल्लेख नहीं था। हालांकि, पुलिस-प्रशासन को रकम का अंदाजा हो चुका था, इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी आलोक प्रियदर्शी ने टांडा कोतवाली पुलिस के साथ ही स्वाट टीम को भी लगाया। कई दिन से लगातार पुलिस टीम छापा मार रही थी। हर दिन टीमों की प्रगति की समीक्षा एसपी आवास पर हो रही थी। अगले दिन की कार्ययोजना तैयार कर काम होता गया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का भी सहारा लिया जाता रहा। इन सबके बीच सोमवार को पुलिस को अंतिम सफलता मिल गई। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। कुछ देर बाद ही एसपी आलोक प्रियदर्शी टांडा पहुंच गए और जरूरी पूछताछ की।
बाद में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि चिकित्सक के निजी चिकित्सालय में काम करने वाली महिला सफाई कर्मी, टांडा निवासी अमीना ने ही यह जानकारी दी थी कि चिकित्सक के घर के किस कक्ष में पैसा कहां रहता है। इसके बाद अन्य अभियुक्तों ने घर में पहुंचकर रुपये से भरा बैग उठा लिया था। इसी से यह शक गहरा गया था कि कोई परिचित ही घटना में शामिल है। गहन छानबीन के बाद अभियुक्त पकड़ में आ गए। अमीना के अलावा उसके पति गुफरान निवासी छज्जापुर, दिलदार निवासी छज्जापुर, महफूज व फैजान निवासी नैपुरा व अशरफ निवासी मीरानपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 76 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। चोरी की कुल रकम 81 लाख, 50 हजार रुपए थी। एसपी ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह के प्रयास करने होंगे।