नशीला पदार्थ खिलाकर डाला लूटा, चालक को फेंका
मलिहाबाद। रहीमाबाद में शुक्रवार रात रायबरेली के जोशियाना पुल खाली सहट निवासी कासिम अहमद को नशीला पदार्थ खिलाकर बदमाश ने डाला लूट लिया। शनिवार सुबह डाला मालिक छेदीलाल ने रहीमाबाद थाने में तहरीर दी।
कासिम के मुताबिक शुक्रवार को युवक ने रायबरेली से मलिहाबाद के लिए डाला बुक कराया था। शाम पांच बजे युवक के साथ डाला लेकर निकले थे। देर रात मलिहाबाद पहुंचने पर उसने अंडारोल में नशीला पदार्थ मिलाकर उनको खिला दिया। बेहोश होने पर आरोपी भतोइया गांव के पास उन्हें सड़क किनारे फेंककर डाला लूट ले गया। शनिवार सुबह नौ बजे ग्रामीणों ने कासिम को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। पुलिस ने उनको अस्पताल में भर्ती कराया। रायबरेली के रतापुर चौराहा निवासी छेदीलाल ने पुलिस से शिकायत की। अतिरिक्त थाना प्रभारी अनिल वर्मा के मुताबिक जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।