लखनऊ। तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार रेस्टोरेंट संचालक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। हादसा शुक्रवार को सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में हुआ। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
बलिया के रहने वाले ऋषभ सिंह (26) अहिमामऊ में किराये के मकान में रहकर रेस्टोरेंट चलाते थे। शुक्रवार की रात वह बाइक से दो साथियों को खुर्दही छोड़ने जा रहे थे।
अमूल डेरी के पास सामने से रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रेस्टोरेंट संचालक की मौत हो गई, जबकि उनके दो दोस्तों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
ऋषभ के पिता राकेश सिंह बलिया के सदर जिला अस्पताल में टीबी विभाग में नौकरी करते हैं। परिवार में मां शोभा देवी और एक भाई है।