प्रदर्शन करते और सड़क से उखड़ रहीं गिट्टियों को दिखाते ग्रामीण।
बख्शी का तालाब। इटौंजा में चार गांवों को जोड़ने वाली एक किलोमीटर लंबी सड़क डामरीकरण के 15 दिन बाद ही उखड़ने लगी है। 28.18 लाख रुपये की लागत से मरम्मत हुई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया और डीएम से शिकायत कर दोबारा निर्माण की मांग की।
मलूकपुर, माधौपुर, नवरंगपुर और मरपा को जोड़ने वाली इस सड़क का डामरीकरण मंडी परिषद ने कराया था। ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह डामर नहीं डाला गया और नहर किनारे सड़क धंस रही है। किनारों पर भी पर्याप्त मजबूती नहीं दी गई।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कुम्हरावां मंडल अध्यक्ष रईस अहमद ने सड़क दोबारा बनवाने की मांग की। माघौपुर के राजेश, राजेंद्र तिवारी, सुरेश कुमार, विजय और तिरंगा महराज ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया। वहीं, मंडी परिषद के जेई जगदीश प्रसाद राव ने कहा कि सड़क ठीक बनी है। कुछ जगह खामियां मिली थीं, उन्हें दुरुस्त करा दिया गया है।
प्रदर्शन करते और सड़क से उखड़ रहीं गिट्टियों को दिखाते ग्रामीण।