सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी मान चुके हैं कि सूबे में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अफसर व मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। इनकी मंशा हालात में सुधार करने की नहीं है।
ये बातें सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने कही। वे यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अजित सिंह ने कहा कि आजकल विकास की खूब चर्चा हो रही है, लेकिन मेट्रो, एक्सप्रेस-वे और सैफई के अलावा विकास कहां है। पूछा, क्या किसी गांव की सड़क बनी है।
उन्होंने कहा, यही हाल केंद्र सरकार का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले से कहा, गन्ना किसानों का 99.50 फीसदी भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने कहा, यह नहीं माना जा सकता है कि पीएमओ के पास गलत आंकड़े हैं। जो प्रधानमंत्री सच नहीं बोल सकता है, उससे किसानों की हमदर्दी की क्या उम्मीद की जा सकती है।
'मीडिया ने करा दिया गठबंधन'
उन्होंने कहा, काला धन वापस लाने, खातों में 15 लाख जमा कराने की घोषणाएं अब जुमला बन गई हैं। उन्होंने कहा, इन दोनों दलों सपा और भाजपा त्रस्त जनता विकल्प चाहती है।
अजित सिंह ने कहा कि विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए रालोद ने बसपा और सपा-कांग्रेस को एक-एक बार समर्थन किया था। मगर, इसका सियासी गठबंधन से कुछ लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा, भाजपा के किसी बड़े नेता से टेलीफोन पर भी कभी बात नहीं हुई, लेकिन मीडिया ने गठबंधन करा दिया।
हालांकि उन्होंने माना कि शिवपाल सिंह यादव से बातचीत हुई थी, मगर आगे नहीं बढ़ी। रालोद किससे गठबंधन करेगा, इसका फैसला पार्टी के लोग मिलकर करेंगे। फिलहाल अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी है।
आज नहीं तो कल यूपी का विभाजन तय
रालोद अध्यक्ष ने कहा, प्रशासन चलाने के लिए यूपी का पुनर्गठन होना जरूरी है। आज नहीं तो कल प्रदेश का विभाजन तय है। कांग्रेस के कानपुर अधिवेशन में राज्यों के पुनर्गठन का प्रस्ताव पारित हो चुका है।
मुलायम सिंह उत्तराखंड का गठन करा चुके हैं। भाजपा भी छोटे राज्यों की पक्षधर रही है। लोस चुनाव के समय अमित शाह ने इसका समर्थन किया था, लेकिन अब चुप हैं।
पूर्व मंत्री वंशनारायण पटेल रालोद में शामिल
पूर्व मंत्री वंशनारायण सिंह पटेल और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमरावती पटेल अपने समर्थकों व जौनपुर के कई नेताओं के साथ सोमवार को रालोद में शामिल हो गईं।
लखनऊ के यासिर रजा, मेराज हुसैन जैदी, मो. हैदर फैज आब्दी समेत कई नेताओं ने भी पार्टी सदस्यता ग्रहण की। अजित सिंह ने उम्मीद जताई कि डॉ. मसूद अहमद को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने व वंशनारायण पटेल के आने से पूर्वांचल में पार्टी को मजबूती मिलेगी।