बढ़े हुए राजस्व वसूली लक्ष्य को पूरा करने के लिए वाणिज्य कर विभाग इस वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही व्यापारियों पर टैक्स भुगतान के लिए दबाव बढ़ाने जा रहा है। विभाग टैक्स वसूली के लिए रणनीति तैयार कर रहा है। जोनल स्तर के अधिकारियों को भी वसूली से संबंधित कार्ययोजना तैयार कर मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया गया है।
राज्य सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष 26 प्रतिशत से अधिक राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया है। रणनीति के तहत सभी जोन के लिए मासिक लक्ष्य तय किया जा रहा है। मई के लिए 2670.67 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है।
वाणिज्य कर मुख्यालय स्तर से सभी जोन के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 व जॉइंट कमिश्नर कॉर्पोरेट सर्किल को निर्देश दिया गया है कि वे लक्ष्य के मुताबिक टैक्स वसूली की कार्ययोजना तैयार कर लें और इसकी एक-एक प्रति 10 मई तक मुख्यालय में जमा करा दें, ताकि हर महीने के अंत में उसकी समीक्षा हो सके।
माना जा रहा है कि मासिक वसूली के लिए लक्ष्य तय करने से व्यापारियों पर हमेशा कर जमा करने का दबाव रहेगा। अब तक की व्यवस्था के तहत वित्तीय वर्ष के अंतिम दो महीने फरवरी व मार्च में ही व्यापारियों पर टैक्स जमा करने का दबाव रहता था।