देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में लंबी पारी खेल कर कई नौकरशाह सोमवार को रिटायर हुए। इनमें वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डी. दीप्ति विलास, प्रमुख सचिव पशुधन योगेश कुमार व गोरखपुर के कमिश्नर जगदीश प्रसाद शामिल हैं।
1981 बैच के आईएएस देवरकोंडा दीप्ति विलास भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी के पद से कुछ दिन पहले ही यूपी लौटे थे।
पिछले दिनों वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश बहादुर को आयुक्त समाज कल्याण के पद से हटाकर प्रमुख सचिव गृह बनाए जाने के बाद विलास को समाज कल्याण आयुक्त बनाया गया था। वह सोमवार को रिटायर हुए।
इनका भी पूरा हो रहा कार्यकाल
1980 बैच के आईएएस योगेश कुमार इस समय प्रमुख सचिव पशुधन हैं।
उन्हें कुछ दिन पहले इस पद से हटाकर बोर्ड ऑफ रेवेन्यू भेज गया था लेकिन बाद में वह फिर इस पद पर वापसी करने में कामयाब रहे। वह भी सोमवार को रिटायर हो जाएंगे।
जो अन्य आईएएस अफसर अपनी सेवा पूरा कर रहे हैं उनमें गोरखपुर के मंडलायुक्त जगदीश प्रसाद, मानवाधिकार आयोग में सचिव संतोष कुमार द्विवेदी और बोर्ड ऑफ रेवेन्यू में सदस्य न्यायिक के पद पर कार्यरत राजेंद्र कुमार गोयल शामिल हैं।
14 हजार शिक्षक भी होंगे रिटायर
बेसिक शिक्षा विभाग में हर साल जून में शिक्षकों को रिटायर किया जाता है। सोमवार को 30 जून है और इस दिन प्रदेश के 2,31,054 स्कूलों में कार्यरत करीब 14 हजार शिक्षक रिटायर हुए।
प्रदेश में इस समय प्राइमरी स्कूलों में 1,85,729 तथा उच्च प्राइमरी में 1,06,089 शिक्षक हैं।
बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 30 जून को रिटायर होने वाले सभी शिक्षकों को उसी दिन उनके देयों का भुगतान कर दिया जाए और पेंशन की सुविधा जल्द शुरू कर दी जाए ताकि शिक्षकों को रिटायर होने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।
परिषदीय शिक्षकों का भी अंतिम दिन
परिषदीय स्कूलों के 170 शिक्षकों की पारी सोमवार को समाप्त हो जाएगी। यह शिक्षक 30 जून को रिटायर्ड हो जाएंगे।
रिटायर्ड होने वाले शिक्षकों को उसी दिन जीपीएफ की चेक देने की इस बार व्यवस्था की गई है।
बीएसए संदीप चौधरी ने बताया कि इसके लिए स्काउट भवन में कार्यक्रम करके रिटायर्ड होने वाले शिक्षकों को उनकी जीपीएफ की चेक प्रदान की जाएगी।