लखनऊ। मेरी पत्नी चंचल में कोई कमी नहीं थी। मेरी सास, ससुर व दोनों साले मेरी मौत के जिम्मेदार है। यह लाइन सुसाइड नोट में लिखकर जॉगर्स पार्क सेक्टर-डी निवासी सेवानिवृत्त दरोगा वीरेंद्र नाथ सिंह के बेटे मंगल सिंह (32) ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। वीरेंद्र नाथ सिंह ने इस मामले में बहू व उसके मायके वालों के खिलाफ दुबग्गा थाने में केस दर्ज कराया है। मंगल सिंह अलीगंज में ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते थे।
वीरेंद्र के मुताबिक बेटे मंगल की शादी तीन साल पहले बालागंज के रस्तोगी नगर निवासी अनुराधा सिंह उर्फ चंचल से हुई थी। दोनों में कई महीनों से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार शाम को मंगल घर पर अकेला था। माता-पिता कुर्सी रोड स्थित मौसा के घर गए थे। शाम करीब पांच बजे घर पहुंचे तो मंगल बेसुध अवस्था में बेड से नीचे पड़ा देखा। ट्रॉमा सेंटर में बृहस्पतिवार रात उनकी मौत हो गई। परिवार में दो वर्षीय जुड़वा बेटे गोविंद और गोपाल है।
सुसाइड नोट में लिखा था कि माता-पिता मुझे माफ कर देना मैं आप लोगों को छोड़कर जा रहा हूं। सास सुधा सिंह, ससुर हरिकेश सिंह, साले आलोक और अविनाश मेरी मौत के जिम्मेदार है। मेरी आखिरी इच्छा है कि दोनों बेटों गोविंद और गोपाल की कस्टडी मेरे माता पिता को दी जाए। मेरी पत्नी मुझे माता-पिता से अलग रहने के लिए कहती थी। मुझे न्याय दिया जाए।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
मृतक के भाई भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार सुबह मंगल इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा से शिकायत करने थाने गए थे। मंगल ने व्हाट्सएप पर भेजे गए धमकी भरे मैसेज भी दिखाए थे। धमकी भरी रिकॉर्डिंग भी सुनाई थी। पर इंस्पेक्टर ने मायके में रह रही पत्नी चंचल को बुलाकर समझौता करा दिया। माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी देते हुए पत्नी थाने से ही परिजनों के साथ चली गई थी। इससे मंगल आहत हो गया था। दस दिन पहले वीरेंद्र ने भी बहू और उसके मायके वालों के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
पिता की डांट से क्षुब्ध किशोर ने की आत्महत्या
लखनऊ। हसनगंज के तकिया मुंशीगंज निवासी हमजा (16) ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर जान दे दी। किशाेर के पिता जुनैद बढ़ई का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बेटे ने सात माह पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। दो दिन पहले उन्होंने उससे मोबाइल छीन लिया। आहत होकर उसने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। पत्नी नाजिया ने उसे लटका देखा। ट्राॅमा में शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। (संवाद)