आलमबाग। कृष्णानगर क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर वार्ड का जफरखेड़ा मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। हल्की बारिश होते ही यहां की गलियों और घरों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग कोई स्थायी समाधान नहीं कर सका है।
जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में कठिनाई होती है। वहीं बुजुर्ग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय निवासी उमाशंकर पांडेय, बलजीत सिंह चौहान, रवी खोसला, नवीन श्रीवास्तव, राजेश नंदा, आशीष जायसवाल और राकेश निगम ने अपनी परेशानी बताई। उन्होंने बताया कि जल निगम ने करीब एक माह पहले पेयजल लाइन के कार्य के लिए इंटरलॉकिंग सड़क उखाड़ दी थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे पूरी सड़क गड्ढों में बदल गई है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। निवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क पर खुले मैनहोल बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों में भी बारिश के दौरान करंट उतरने की शिकायतें सामने आई हैं। यह स्थिति बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायतें की गईं। हालांकि, अब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने जल्द सड़क की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और खुले मैनहोल बंद कराने की मांग की है।
बदहाल सड़क और खुला मैनहोल।
बदहाल सड़क और खुला मैनहोल।
बदहाल सड़क और खुला मैनहोल।
बदहाल सड़क और खुला मैनहोल।
बदहाल सड़क और खुला मैनहोल।